डीएम का एआरटीओ कार्यालय में औचक निरीक्षण, दलालों पर रोक के निर्देश
ARTO Office: जिलाधिकारी संजय चौहान ने सोमवार को एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बरतने और आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय परिसर में दलालों और अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) से कार्यालय की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद ड्राइविंग लाइसेंस में संशोधन कराने पहुंचे एक युवक से ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर स्वयं दोपहिया वाहन चलवाकर उसकी ड्राइविंग दक्षता का परीक्षण किया।
इस दौरान डीएम ने युवक से यातायात नियमों, हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, इंडिकेटर के सही इस्तेमाल और वाहन के नियमित रखरखाव के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सारथी हॉल का निरीक्षण किया। यहां लाइसेंस प्रक्रिया के तहत फोटो खिंचवा रहे आवेदकों से बातचीत कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने विभिन्न पटलों पर तैनात कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आमजन से जुड़े कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी आवेदनों का निस्तारण पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के अंत में डीएम ने एआरटीओ प्रशासन को कार्यालय के सभी शासकीय अभिलेखों और फाइलों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कार्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने और आमजन के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से दलालों एवं अनाधिकृत व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और कार्यालय परिसर में उनके प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पवन कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

