HomeVaranasiपान-गुटखे की पीक से लाल हुईं दीवारें, सफाई के लिए रेलवे ने...

पान-गुटखे की पीक से लाल हुईं दीवारें, सफाई के लिए रेलवे ने उठाया यह कदम

पान-गुटखे की पीक से लाल हुईं दीवारें, सफाई के लिए रेलवे ने उठाया यह कदम

Varanasi Division: पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत शनिवार को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (एनएचएम) अनुभव पाठक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान अवैध पोस्टर, बैनर और होर्डिंग हटाने के साथ ही गुटखा-पान की पीक से गंदे हुए स्थानों की गहन सफाई की गई।

अभियान के तहत आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेल्थरा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग सहित मंडल के विभिन्न छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।

रेलवे स्टेशनों, पैदल ऊपरी पुलों, सबवे, चहारदीवारी और रेलवे कॉलोनियों में लगे अवैध पोस्टर, स्टिकर, अनधिकृत बैनर एवं होर्डिंग हटाए गए। दीवारों पर लिखी गई अवांछित सामग्री को भी चिह्नित कर साफ किया गया। वहीं, अधिकृत और भुगतान वाले विज्ञापनों को सुरक्षित रखने के लिए वाणिज्य विभाग के साथ समन्वय बनाया गया।

प्लेटफॉर्म और पुलों की हुई गहन सफाई

रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म, पैदल पुलों, सबवे, सीढ़ियों, खंभों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर गुटखा-पान मसाले की पीक से बने लाल धब्बों तथा अन्य गंदगी की सफाई की गई। जरूरत के अनुसार दीवारों की रंगाई-पुताई भी कराई गई, ताकि स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और सुंदरता में सुधार हो सके।

रैली और उद्घोषणा से यात्रियों को किया जागरूक

स्वच्छता अभियान के दौरान रैली निकालकर यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली में ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ और ‘आओ, भारतीय रेल को स्वच्छ बनाने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाएं’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

इसके अलावा, रेलवे की सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों से रेलवे परिसर को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और रेलवे की स्वच्छता मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत चलाए जा रहे इन प्रयासों का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और यात्रियों के लिए बेहतर बनाना है।

स्रोत: जनसम्पर्क विभाग, पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -