55 PCS अधिकारियों के तबादले, चार IAS अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला जारी है। IAS अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद रविवार को शासन ने 55 PCS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया। इन तबादलों में विकास प्राधिकरणों, मंडलायुक्त कार्यालयों, नगर निकायों और राजस्व प्रशासन में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इससे पहले शनिवार रात और रविवार सुबह दो चरणों में 42 अधिकारियों के तबादले किए गए थे। चुनाव आयोग की ओर से एक जिले में तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
इन PCS अधिकारियों को मिली नई तैनाती
शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार अमरपाल सिंह को अपर आयुक्त सहारनपुर बनाया गया है। विवेक कुमार मिश्रा को सचिव वाराणसी विकास प्राधिकरण और सुशील प्रताप सिंह को सचिव गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।
अतुल कुमार को सचिव लखनऊ विकास प्राधिकरण नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा को एडीएम हापुड़, बृजेश कुमार सिंह को ओएसडी नोएडा और पंकज कुमार को अपर आयुक्त चित्रकूट धाम बनाया गया है।
इसके अलावा आलोक कुमार वर्मा को सचिव अयोध्या विकास प्राधिकरण तथा विनय कुमार सिंह-2 को सचिव मेरठ विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अयोध्या और नोएडा में भी बदले गए अधिकारी
क्रांति शेखर सिंह को नोएडा से स्थानांतरित कर दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है।
ज्ञान चंद्र गुप्ता को संयुक्त सीईओ अयोध्या तीर्थ विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। जयजीत कौर होरा को कुलसचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के साथ अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
वहीं रमेश यादव को अपर आयुक्त मेरठ मंडल, ज्योति सिंह को अपर आयुक्त वाराणसी मंडल और विवेक कुमार यादव को अपर आयुक्त आगरा मंडल नियुक्त किया गया है।
सुशील कुमार गोंड को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।
नगर निगमों में भी अधिकारियों की नई तैनाती
नगर निकायों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।
- माया शंकर यादव को अपर नगर आयुक्त मेरठ बनाया गया।
- अविनाश त्रिपाठी को अपर नगर आयुक्त, नगर निगम लखनऊ की जिम्मेदारी मिली।
- रामकुमार को सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी नियुक्त किया गया।
- आरती को सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद बनाया गया।
इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात कई उपजिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।
चार IAS अधिकारियों के भी हुए तबादले
PCS अधिकारियों के स्थानांतरण से पहले रविवार दोपहर शासन ने चार IAS अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए थे।
वर्ष 2022 बैच के IAS अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी (CDO) बनाया गया है। इससे पहले वह यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) के पद पर तैनात थे।
आगरा की अपर आयुक्त प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद तेज हुई तबादला प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावी तैयारियों को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत एक ही जिले में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक तैनात अधिकारियों को हटाया जा रहा है।
लगातार हो रहे इन प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश के विकास प्राधिकरणों, नगर निकायों और जिला प्रशासन में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की तैनाती की जा रही है।

