धूमधाम से मनाया गया छठ का संध्या अर्घ्य, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रिपोर्ट : दिनेश कुमार गुप्ता
Chhath Mahaparv: नगर पंचायत छितौनी में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन विभिन्न छठ घाटों पर संध्या अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
नगर पंचायत छितौनी के मां बौद्धि स्थान मंदिर, दुर्गा मंदिर मिल गेट और पनियहवा पोखरा स्थित छठ घाटों पर व्रती महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भी पूजा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और व्रतियों का सहयोग किया।
छठ घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मां बौद्धि स्थान मंदिर के समीप छठ घाट, दुर्गा मंदिर मिल गेट और पनियहवा छठ घाट के आसपास रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और जगमगाती लाइटों से भव्य सजावट की गई थी। घाटों पर बांस से बने सूप और दउरा में नारियल, केला, गन्ना, ठेकुआ सहित विभिन्न प्रकार के फल एवं प्रसाद सजाकर छठी मैया को अर्पित किए गए।
संध्या अर्घ्य के निर्धारित समय पर व्रती महिलाओं ने पोखरे के पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति गीतों ने छठ महापर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अशोक निषाद, भाजपा नेता संजय कुमार, अजय साहनी, सभासद प्रतिनिधि रमेश निषाद, विजय कुमार उर्फ मुन्ना भैया, रुस्तम अली, अजय कनौजिया, सुनील कुमार गुप्ता, दिलीप कुशवाहा, मुलायम साहनी, दीप लाल निषाद, अर्जुन साहनी, भुवाल गौड़, राकेश निषाद, रवि साहनी, मनोनीत सभासद आनंद कुशवाहा, कर्मवीर साहनी, अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार यादव, मनोज कुमार पाण्डेय, योगेश शर्मा और भाजपा नेता दिनेश जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर अध्यक्ष अशोक निषाद ने छठ घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और नगरवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। थाना अध्यक्ष हनुमानगंज दिग्विजय नारायण राय, छितौनी चौकी इंचार्ज, पुलिसकर्मियों और महिला कांस्टेबलों की तैनाती रही। पुलिसकर्मी घाटों पर लगातार निगरानी करते नजर आए।
संध्या अर्घ्य के साथ ही छितौनी के छठ घाटों पर आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता की अनुपम छटा देखने को मिली।





