विधायक ने सामुदायिक एवं विवाह भवन का किया लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
भुजौली बाजार, कुशीनगर :ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों को बेहतर सहूलियत उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम सभा लक्ष्मीपुर के टोला पाण्डेय छपरा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक निधि योजना के अंतर्गत नवनिर्मित सामुदायिक भवन एवं विवाह भवन का विधायक ने लोकार्पण कर ग्रामीणों को समर्पित किया। भवन के शुरू होने से गांव के लोगों को शादी-विवाह, पारिवारिक समारोह और अन्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि गांवों का विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, पेयजल, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यक्रमों में मिलेगी सुविधा
विधायक निधि से निर्मित यह सामुदायिक भवन ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगा। इससे लोगों को मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी तथा गांव में आपसी मेलजोल और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा।नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषनाथ यादव ने कहा कि गांवों में सामुदायिक सुविधाओं का विकास ग्रामीण जीवन को आसान बनाता है।
यह भवन सभी वर्गों के लोगों के सामूहिक आयोजनों में उपयोगी होगा।खड्डा ब्लॉक प्रमुख शशांक दूबे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देना जरूरी है। सामुदायिक भवन बनने से ग्रामीणों को कार्यक्रमों के आयोजन में काफी सहूलियत मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान प्रशासक धीरज तिवारी ने विधायक सहित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उन्होंने भवन निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह गांव की महत्वपूर्ण आवश्यकता थी, जो अब पूरी हुई है।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रधान संघ संतोष मणि त्रिपाठी, जिला महामंत्री पिछड़ा मोर्चा व्यास वर्मा, जिला मंत्री हरि गोविन्द रौनियार सहित पार्टी के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



