HomeUncategorizedखड्डा में छठ महापर्व की धूम, जटाशंकर और मानसरोवर पोखरा पर उमड़ी...

खड्डा में छठ महापर्व की धूम, जटाशंकर और मानसरोवर पोखरा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

खड्डा में छठ महापर्व की धूम, जटाशंकर और मानसरोवर पोखरा पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रिपोर्ट : अनिल कुमार सिंह 

chhath-mahaparv:  लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ नगर पंचायत खड्डा में पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर पंचायत स्थित जटाशंकर पोखरा एवं मानसरोवर पोखरा पर छठ व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों पोखरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

छठ व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। पर्व को लेकर दोनों पोखरों पर पूजा-पाठ की विशेष व्यवस्था की गई थी।

 

आचार्य पंडित शिवानंद दूबे उर्फ सोनू बाबा के नेतृत्व में सहयोगी आचार्य पंडित महेश मिश्रा, पंडित धनंजय मिश्रा, पंडित अभिषेक तिवारी एवं पंडित शुभम दूबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच छठ व्रतियों से विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजा के उपरांत आचार्यों ने छठ महापर्व की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को पर्व की परंपराओं, नियमों और लोक आस्था से जुड़े विभिन्न प्रसंगों की जानकारी दी।

इस आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्रीय विधायक विवेकानन्द पाण्डेय, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष कुशीनगर संतोष जायसवाल, वार्ड सभासद प्रदीप कुमार सिंह एवं सभासद रोहित श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। इनके सहयोग से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से पोखरे की साफ-सफाई की

वहीं, मानसरोवर पोखरा पर छठ पर्व की तैयारियों को लेकर स्थानीय वार्डवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रदीप विश्वकर्मा, रितेश सिंह, इंजीनियर रणविजय सिंह, डॉ. संदीप शर्मा, अरविन्द कुमार रावत, पवन कुमार श्रीवास्तव एवं सन्नी कुमार मिश्रा उर्फ लल्ले मिश्रा सहित सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से पोखरे की साफ-सफाई की। इसके साथ ही घाटों एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में श्रमदान किया।

स्थानीय लोगों की सामूहिक सहभागिता ने पर्व के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को भी प्रदर्शित किया। छठ महापर्व जहां सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है, वहीं यह स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, तपस्या और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है।

जटाशंकर पोखरा एवं मानसरोवर पोखरा पर छठ व्रतियों की श्रद्धा और भक्ति देखते ही बन रही थी। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्यदेव एवं छठी मइया से परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास और सहयोग से नगर पंचायत खड्डा में छठ महापर्व शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -