दो युवकों की हत्या की आशंका, शव मिलने से सनसनी, पुलिस की 3 टीमें गठित
Deoria Crime: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। थाना मईल क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के बगल से गुजरने वाले रामजानकी मार्ग पर दो युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो दोनों की मौत हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने तीन टीमों का गठन किया है।
112 पर मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, थाना मईल को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास दो व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों की जांच की। जांच के दौरान दोनों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान वकील यादव पुत्र राजदेव यादव और विनय यादव पुत्र रामछबीला यादव के रूप में हुई है। दोनों थाना मईल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने घटना के सफल अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।
नोट: मामले में हत्या की आशंका जताई गई है। घटना के वास्तविक कारणों और आरोपियों के संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

