HomeKushinagarदो तेंदुओं की चहलकदमी से दहशत, ग्रामीणों में भय

दो तेंदुओं की चहलकदमी से दहशत, ग्रामीणों में भय

दो तेंदुओं की चहलकदमी से दहशत, ग्रामीणों में भय

रिपोर्ट : कमलेश यादव

Leopard Alert: कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा ब्लॉक के जड़हा गांव के समीप सरेह में दो तेंदुओं की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही हैं।

कभी सड़क तो कभी बगीचे में उनकी चहलकदमी से ग्रामीण भयभीत हैं। वन विभाग ने दोनों तेंदुओं की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए तलाश अभियान तेज कर दिया है। तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी की जा रही है।

बच्चों ने सबसे पहले देखा तेंदुआ

ग्रामीण विनोद, सुनील, प्रमोद, भृगुनाथ और सुमंत के मुताबिक, शनिवार को ग्रामसभा ढोरही के सरेह में सरकारी फार्म के समीप चकरोड पर बच्चों ने एक तेंदुए को देखा था। गांव पहुंचकर बच्चों ने शोर मचाया तो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। हालांकि, उस समय तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद से ग्रामीणों में जंगली जानवरों को लेकर चिंता बढ़ने लगी।

 बगीचे में एक पेड़ पर, दूसरा नीचे घूमता दिखा

मंगलवार रात जड़हा टोला के समीप नहर किनारे स्थित सच्चिदानंद के बगीचे में ग्रामीणों ने दो तेंदुओं को एक साथ देखा। इनमें एक आम के पेड़ पर बैठा था, जबकि दूसरा पेड़ के नीचे घूम रहा था।

इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग के एसडीओ, पडरौना वन रेंजर अशोक यादव, वनरक्षक संदीप पटेल और नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दोनों तेंदुओं को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे झाड़ियों में छिप गए। देर रात दो बजे तक तलाश अभियान चलाया गया, मगर सफलता नहीं मिली।

दुकान के सामने दिखने से बढ़ी दहशत

बुधवार रात गोमतीनगर के समीप एक दुकान के सामने तेंदुआ दिखाई दिया। उसे देखकर दुकानदार दुकान छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तेंदुए की तस्वीर मोबाइल में खींचकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी। तस्वीर सामने आने के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल और गहरा गया। ग्रामीण शाम और रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।

छह गांवों में मुनादी, अकेले सरेह में जाने से रोका

शुक्रवार को डीएफओ वरुण सिंह के निर्देश पर तमकुहीराज, कसया, खड्डा और पडरौना की वन विभाग की टीमों ने ढोरही, जड़हा, बरवा, बेलवा, कुकुरहा और गोमतीनगर समेत आसपास के गांवों में मुनादी कराई।

ग्रामीणों को अकेले सरेह में नहीं जाने और छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई। वनकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से लाठी-डंडे लेकर झाड़ियों में भी तलाशी अभियान चलाया।

गन्ने के खेतों में तलाश करना चुनौती

क्षेत्र में गन्ने की अधिक खेती होने के कारण वनकर्मियों को तेंदुओं की तलाश में काफी परेशानी हो रही है। घनी फसल और झाड़ियों के बीच उनके छिपे होने की आशंका से अभियान में कठिनाई आ रही है।

मौके पर तेंदुओं के पदचिह्न मिलने की बात भी सामने आई है। वन विभाग की कई टीमें लगातार कांबिंग कर रही हैं।डीएफओ वरुण सिंह ने बताया कि दोनों तेंदुओं को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें लगाई गई हैं। लगातार कांबिंग की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जाएगा।

उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके पास नहीं जाने की अपील की है। वहीं, ग्राम प्रधान प्रशासक विनोद कुशवाहा ने कहा कि गांवों के आसपास दो तेंदुओं के विचरण से लोग दहशत में हैं। उन्होंने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुओं को पकड़ने की मांग की, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -