गड्ढों में तब्दील सरगटिया-सिरसिया मार्ग, जलजमाव से राहगीरों की बढ़ी मांग
रिपोर्ट-तारकेश्वर दूबे
Road नेबुआ नौरंगिया ब्लाक के सरगटिया से सिरसिया जाने वाली बाईपास सड़क की हालत बदहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और बारिश के बाद होने वाला जलजमाव राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
थोड़ी सी लापरवाही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई जा रही है।
तीन किलोमीटर लंबा मार्ग दर्जनों गांवों का सहारा
करीब तीन किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को ब्लाक मुख्यालय से जोड़ता है। इसके अलावा यह पड़ोसी जनपद महराजगंज तक आने-जाने का भी प्रमुख रास्ता है।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी और अन्य लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। ब्लाक मुख्यालय पहुंचने के लिए भी क्षेत्र के लोगों को इसी सड़क का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में सड़क की बदहाली से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
करोड़ों की लागत से बनी सड़क कुछ वर्षों में उखड़ी
क्षेत्रीय ग्रामीण तारकेश्वर दूबे, राजू, बबलू, शोएब, प्रिंस, उमा यादव और विक्की शर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले करोड़ों रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया गया था। निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क कई स्थानों पर टूटने लगी और गड्ढे बनने शुरू हो गए।
धीरे-धीरे सड़क की स्थिति और खराब होती चली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान सड़क के दोनों तरफ पर्याप्त ढलान और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है।
जलभराव से स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार जलजमाव के कारण सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है। पानी भरे गड्ढों में वाहन का पहिया जाने से संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है।
वहीं चारपहिया वाहनों को भी काफी सावधानी से गुजरना पड़ता है। पैदल चलने वाले लोगों को सड़क के किनारे से होकर आवागमन करना पड़ता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग केवल गांवों को जोड़ने वाली सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से भी जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की बदहाली का संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने और जल निकासी के लिए नाली अथवा उचित ढलान की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिल सके।

