HomeGorakhpurCM योगी ने सुनीं 150 लोगों की फरियाद, इलाज के लिए आर्थिक...

CM योगी ने सुनीं 150 लोगों की फरियाद, इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

CM योगी ने सुनीं 150 लोगों की फरियाद, इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

CM Yogi : तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी के पास पहुंचकर उनकी शिकायतें और प्रार्थना पत्र लिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।

दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर आयोजित जनता दर्शन में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद मुख्यमंत्री ने फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग अपने परिजनों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि बीमारी के इलाज का एस्टीमेट बनवाकर उपलब्ध कराएं, सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक मदद की जाएगी।

एक महिला ने अपने परिजन के इलाज के लिए सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मरीज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

वहीं, एक अन्य महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित अपने पति के ऑपरेशन के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा, ‘घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।’

जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे और भू-माफिया से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तो उसे तत्काल खाली कराया जाए। भू-माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि तहसील और थाना स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, ताकि आमजन को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।

पति के साथ न रखने की महिला ने की शिकायत

गाजीपुर जिले के गहमर से पहुंची एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पति पुलिस विभाग में तैनात हैं, लेकिन उसे अपने साथ नहीं रखते। मुख्यमंत्री ने महिला से उसके पति के तैनाती स्थल की जानकारी ली और मामले में उचित समाधान का भरोसा दिया।

बच्चों को दुलारा, चॉकलेट देकर किया प्यार

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान महिला फरियादियों के साथ आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। बच्चों को दुलारने के साथ उन्हें चॉकलेट भी दी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -