HomeGorakhpurCM योगी का जनता दर्शन में 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं

CM योगी का जनता दर्शन में 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं

CM योगी का जनता दर्शन में 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं

CM Yogi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के तीसरे दिन रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया। मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लगातार दूसरे दिन आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

एक-एक फरियादी से मिले मुख्यमंत्री

जनता दर्शन के लिए सुबह से ही महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर फरियादियों की कतार लगी रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक कर लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान तहसील और थाना स्तर पर ही प्रभावी एवं त्वरित तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए उच्च स्तर के अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।

राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर

जनता दर्शन में जमीन, रास्ते, राजस्व और अतिक्रमण से संबंधित कई शिकायतें सामने आईं। मुख्यमंत्री ने राजस्व से जुड़े मामलों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए।

दूसरे जिलों से संबंधित शिकायतों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

गोंडा से पहुंची एक महिला ने राजस्व संबंधी समस्या बताते हुए लेखपाल और नायब तहसीलदार पर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।

वहीं, कुशीनगर से पहुंची एक महिला ने रास्ते की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने कमिश्नर को अतिक्रमण हटवाकर रास्ता उपलब्ध कराने तथा अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों के लिए आवश्यक इस्टीमेट तैयार कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।

बच्चों को दुलारा, चॉकलेट देकर पढ़ाई के बारे में पूछा

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति सहज और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। महिलाओं के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारा, उन्हें चॉकलेट दी और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

गौशाला में गायों को खिलाया गुड़-रोटी

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर की गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई तथा गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पशुओं की उचित देखभाल, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रभावी और समयबद्ध तरीके से किया जाए।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -