परिवार परामर्श केंद्र की पहल से बुजुर्ग दंपती में हुआ सुलह-समझौता
Family Dispute:पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 द्वितीय चरण के तहत परिवार परामर्श केंद्र ने सोमवार को सराहनीय पहल करते हुए एक बुजुर्ग दंपती के बीच चल रहे विवाद का आपसी सहमति से समाधान कराया। दंपती तमकुहीराज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, दंपती के बीच आपसी मतभेद को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रार्थना पत्र के आधार पर दोनों को परिवार परामर्श केंद्र में बुलाकर काउंसलिंग की गई। इस दौरान पति-पत्नी के बीच मनमुटाव के कारणों को विस्तार से समझा गया और दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को समाप्त करने का प्रयास किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों को समझाते हुए आपसी संवाद और पारिवारिक संबंधों के महत्व के बारे में बताया। काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद दोनों के बीच सुलह-समझौता करा दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाना तथा परिवारों को टूटने से बचाना है। इस पहल से दंपती ने भी राहत महसूस की।
काउंसलिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, महिला हेड कांस्टेबल रुचि यादव और महिला कांस्टेबल साधना मौजूद रहीं।

