राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का विरोध मार्च, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
Congress:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी कुशीनगर के तत्वावधान में सोमवार शाम विरोध मार्च निकाला गया।
जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पडरौना के सुभाष चौक से गांधी प्रतिमा, कठकुइया मोड़ तक मार्च निकाला और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, यह विरोध उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से संबंधित घटना के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में किया गया।
लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत कार्रवाई का आरोप
मार्च के समापन स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक समरसता और समानता का अधिकार देता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के सम्मान से जुड़े मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की मांग करना विपक्ष के नेता का लोकतांत्रिक दायित्व है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कानून के अनुपालन की मांग करने वाले नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि पार्टी इसका वैधानिक और नैतिक तरीके से विरोध जारी रखेगी।
‘द्वेषपूर्ण कार्रवाई न्यायसंगत नहीं’
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद जहिरूद्दीन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय और समानता की बात उठाने वाले विपक्ष के शीर्ष नेता के खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं है।
कांग्रेस नेता धनंजय पहलवान ने कहा कि जनहित और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता एकजुट होकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि दबाव की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
वहीं, जिला मीडिया प्रभारी देशदीपक मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय की वाजिब मांग को मुकदमों के जरिए दबाना स्वस्थ शासन व्यवस्था का संकेत नहीं है।
उन्होंने प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले मूल तत्वों पर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध मार्च में लालचंद प्रसाद, बृजेश जायसवाल, स्वामीनाथ यादव, सोहराब, पिन्टू, आफताब आलम मिंटू, मुस्लिम अंसारी, आफताब, अब्दुल हमीद, मुर्तजा अली, आर्यन, वारिस अली, शेर अली, छोटेलाल भारती, अविनाश गोंड, संजय कुमार, विनय यादव, जितेन्द्र यादव, उपेंद्र कुशवाहा, कुंदन खरवार, अंकित शर्मा, मधूसुदन कुशवाहा, अब्दुर रहीम, अंकित विश्वकर्मा, प्रवीण सिंह और जाहिद अली कुरैशी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

