मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
UP Crime: कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के सिविल लाइन वार्ड नंबर-6 में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान और कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात सामने स्थित दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, लगातार दूसरे दिन चोरी की घटना सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जीउतिया व्रत के लिए गांव गई थीं गृहस्वामिनी
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन वार्ड नंबर-6 निवासी निर्मला देवी पत्नी धर्मवीर प्रजापति अपने मकान में ताला लगाकर जीउतिया व्रत के सिलसिले में मदनपुर सुकरौली गांव गई थीं।
बताया जा रहा है कि नदी में बढ़ रहे बाढ़ के पानी के खतरे को देखते हुए उन्होंने घर का सामान, जेवरात और मोटरसाइकिल समेत अन्य कीमती वस्तुएं खड्डा स्थित अपने मकान में सुरक्षित रखी थीं।
रात में ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
बताया जा रहा है कि बीती रात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखे मोटरसाइकिल सहीत कीमती सामान, आभूषण और अन्य वस्तुओं को चोरी कर लिया। सुबह घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
CCTV फुटेज से चोरों तक पहुंचने की उम्मीद
चोरी की वारदात सामने स्थित एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने से पुलिस को आरोपियों की पहचान करने और उन तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: चोरी हुए सामान और आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत का आधिकारिक आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

