HomeUttar Pradeshयूपी में बढ़ने लगी ठंड, 14 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान, अब सुबह-शाम...

यूपी में बढ़ने लगी ठंड, 14 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान, अब सुबह-शाम बढ़ेगी गलन

यूपी में बढ़ने लगी ठंड, 14 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान, अब सुबह-शाम बढ़ेगी गलन

UP Weather: उत्तर प्रदेश में दीपावली के बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। पश्चिमी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

मुरादाबाद में मंगलवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सुबह और देर रात ठंड का असर बना रहेगा।

मुरादाबाद में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह

दीपावली के बाद से प्रदेश में मौसम में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। मुरादाबाद में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम रहा।

पश्चिम दिशा से चल रही हवाओं को तापमान में गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है। रात के तापमान में कमी आने से देर रात और सुबह घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। इसका असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है। सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।

मंगलवार को मुरादाबाद में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक रात और सुबह के समय ठंड का असर बना रह सकता है।

वाराणसी एयरपोर्ट पर सबसे कम रही दृश्यता

प्रदेश में सुबह के समय कोहरे और धुंध का असर भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा दर्ज किया गया।

दृश्यता के मामले में वाराणसी एयरपोर्ट पर सबसे कम विजिबिलिटी 200 मीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं, 9 नवंबर को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

16 नवंबर तक कैसा रहेगा यूपी का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 नवंबर से 16 नवंबर तक उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल अगले सात दिनों के लिए प्रदेश में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंड का एहसास बढ़ सकता है। वहीं, दिन में धूप निकलने के कारण मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की उम्मीद है।

लखनऊ में सुबह कुहासा, दिन में छाई रहेगी धुंध

राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह साढ़े आठ बजे तक हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद आसमान में धुंध रह सकती है।

लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

सुबह-शाम गर्म कपड़े निकालने का समय

प्रदेश में जिस तरह से रात के तापमान में गिरावट हो रही है, उससे साफ है कि सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह और देर रात बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। आने वाले दिनों में सुबह की ठंडक और बढ़ने की संभावना है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -