HomeKushinagarपडरौना के 50 से अधिक छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था, पालिकाध्यक्ष विनय...

पडरौना के 50 से अधिक छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था, पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने किया निरीक्षण

पडरौना के 50 से अधिक छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था, पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने किया निरीक्षण

लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर पडरौना नगर में पूरे सप्ताह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद पडरौना की ओर से नगर के 50 से अधिक स्थायी एवं अस्थायी छठ घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और आकर्षक सजावट की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

 

इसी क्रम में नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने नगर के विभिन्न छठ पूजा स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बावली चौक छठ घाट, अम्बे चौक छठ घाट, छावनी पोखरा, हनुमान इंटर कॉलेज के निकट स्थित महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज छठ घाट तथा श्री बुढ़िया माता मंदिर छठ घाट सहित कई प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सुरक्षा प्रबंधन और सजावट की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।

बंजारी घाट पर जागरण कार्यक्रम में हुए शामिल

निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल बंजारी घाट स्थित छठ पूजा स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने व्रती माताओं एवं बहनों से मुलाकात कर पर्व की तैयारियों और नगरपालिका की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही घाट पर आयोजित भक्तिमय जागरण एवं जगराता कार्यक्रम में शामिल होकर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

स्वच्छ और सुरक्षित घाट बनाना नगरपालिका की प्राथमिकता

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और स्वच्छता का प्रतीक है। नगरवासियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सभी छठ घाटों को स्वच्छ, सुंदर, आकर्षक और सुरक्षित बनाना नगरपालिका की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व को पूरी श्रद्धा, भक्ति और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगरपालिका परिषद पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

वहीं, उनके प्रतिनिधि मनीष बुलबुल जायसवाल ने कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, जलपान एवं अल्पाहार की व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित कराया।

व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

नगरपालिका परिषद की ओर से की गई व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और संतोष देखने को मिला। घाटों की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट और रोशनी की बेहतर व्यवस्था ने छठ पूजा के माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।

इस दौरान जयप्रकाश मद्धेशिया, साधु मद्धेशिया, बृजेश शर्मा, अनिल पाण्डेय, हरिमोहन जायसवाल, रितेश शर्मा, शुभम सिंह, भगत यादव, अनूप गोंड सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -