मां के साथ सिर पर छठ का डाला लेकर घाट पहुंचे विधायक, सादगी भरे अंदाज ने जीता लोगों का दिल
MLA Vivekanand Pandey: खड्डा, कुशीनगर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को खड्डा नगर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर के मानसरोवर और जटाशंकर पोखरे पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता की कामना की।
नगर के वार्ड नंबर 7 और 3 के बीच स्थित मानसरोवर पोखरे पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठ पूजा को लेकर घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा घाट जगमगा रहा था। शाम होते ही घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मां के साथ छठ घाट पहुंचे विधायक विवेकानंद पांडेय
वहीं, जटाशंकर पोखरे पर छठ महापर्व के दौरान एक खास नजारा देखने को मिला। खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय अपनी मां के साथ सिर पर छठ का डाला लेकर घाट पहुंचे। विधायक का यह पारंपरिक और श्रद्धा से भरा अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। उन्होंने अपनी मां के साथ छठ पूजा में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
भक्ति और आस्था में डूबा रहा पूरा नगर
छठ महापर्व को लेकर खड्डा नगर के दोनों प्रमुख पोखरों पर उत्सव जैसा माहौल रहा। घाटों की सजावट, रोशनी और छठी मैया के गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में लोक आस्था का यह महापर्व आपसी भाईचारे, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया।



