HomeKushinagarजनगणना-2027 की स्वगणना शुरू, डीएम संजय चौहान ने प्रचार वाहनों को दिखाई...

जनगणना-2027 की स्वगणना शुरू, डीएम संजय चौहान ने प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी

जनगणना-2027 की स्वगणना शुरू, डीएम संजय चौहान ने प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी

जिलाधिकारी संजय चौहान ने नागरिकों से की ऑनलाइन स्वगणना में भाग लेने की अपील, कहा- सटीक आंकड़ों से प्रभावी ढंग से बनेंगी विकास योजनाएं

Self Enumeration: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एनुमरेशन) प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनपद की सभी तहसीलों के लिए विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और मकान से संबंधित जानकारी सावधानीपूर्वक एवं सटीक रूप से दर्ज कराएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है। इससे जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित होगी और त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।

                       फोटो: संजय चैहान जिलाधिकारी कुशीनगर

उन्होंने बताया कि स्वगणना पूरी होने के बाद जब प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे, तब नागरिकों को पहले से दर्ज कराई गई जानकारी दोबारा बताने की आवश्यकता नहीं होगी। स्वगणना के दौरान प्राप्त डिजिटल आईडी के माध्यम से नागरिक अपनी दर्ज जानकारी को दोबारा देख सकेंगे और उसका सत्यापन भी कर सकेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण और विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सही और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर ही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

व्यक्तिगत जानकारी रहेगी पूरी तरह गोपनीय

जिलाधिकारी ने नागरिकों को जानकारी की गोपनीयता के संबंध में आश्वस्त करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान 40 प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त की जाने वाली सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इन जानकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के दायरे से भी बाहर रखा गया है। इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के अपनी सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

अंत में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही सही एवं प्रमाणिक जनगणना आंकड़े तैयार हो सकेंगे, जो भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -