शराबी ने पकडियार पुलिस बूथ पर पहुचकर दरोगा की वर्दी फाड़ी,दोनो हिरासत मे
रिपोर्ट:-तारकेश्वर दूबे,
खड्डा,कुशीनगर: नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पकड़ियार पुलिस बूथ पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महिला और उसके दो बच्चों को साथ ले जाने के विवाद में शिकायत करने पहुंची महिला की बहन के सामने ही आरोपित युवक अपने पिता के साथ बूथ पर पहुंच गया। आरोप है कि नशे की हालत में पिता-पुत्र ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने दरोगा की वर्दी तक फाड़ दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गए। पुलिस उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
महिला को बच्चों समेत ले जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कलवारी पट्टी गांव निवासी एक युवती की शादी रामकोला थाना क्षेत्र के भटवलिया निवासी युवक से हुई है। युवती के दो बच्चे हैं। बताया जाता है कि पति के बाहर रहने और आपसी विवाद के चलते युवती वर्तमान में अपने मायके में रह रही है। आरोप है कि रविवार की सुबह विजयपुर ठकुराई टोला निवासी सिगासन वहां पहुंचा और महिला को उसके दोनों बच्चों समेत अपने साथ ले जाने लगा। इसको लेकर परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला की बहन को जब इसकी जानकारी हुई तो वह मामले की शिकायत लेकर नजदीकी पकड़ियार पुलिस बूथ पहुंच गई।
शिकायत के दौरान बूथ पर पहुंचे पिता-पुत्र
महिला की बहन की शिकायत पर पुलिसकर्मी मामले की जानकारी लेने के लिए मौके पर जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी बीच आरोपित युवक सिगासन अपने पिता जगदीश प्रसाद के साथ पुलिस बूथ पर पहुंच गया। आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से उलझने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज व अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान आरोप है कि पिता-पुत्र ने दरोगा विरेन्द्र यादव की वर्दी भी फाड़ दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस बूथ पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रभारी निरीक्षक ने संभाली स्थिति
मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस बल के साथ पकड़ियार पुलिस बूथ पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए दोनों पिता-पुत्र को अपने साथ थाने ले गए। पुलिस बूथ पर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वहीं, घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का 46 सेकेंड का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नशे की हालत में पुलिस से उलझे थे दोनों
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि दोनों पिता-पुत्र नशे की हालत में थे और पुलिसकर्मियों से उलझ गए थे। उन्हें पकड़कर थाने लाया गया है। उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं, पुलिस बूथ पर हुए इस घटनाक्रम और दरोगा की वर्दी फाड़े जाने की चर्चा इलाके में बनी हुई है।




