सेवा संकल्प अभियान के तीसरे दिन लगा कैम्प, विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त हुए आवेदन
Anganwadi: कुशीनगर जिले के नगर पंचायत छितौनी कार्यालय सभागार में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तीसरे दिन भी कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प के दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं लाभपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए।
कैम्प में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए लोगों के आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार यादव के हाथों बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
कैम्प में नगर पंचायत कार्यालय से लिपिक अमित सिंह, हर्षित मल्ल, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशांत मिश्रा, रविन्द्र चौहान, जितेन्द्र यादव, भानु प्रसाद, अवनीश सिंह, उपेन्द्र उपाध्याय, मुकेश निषाद, वकील चौरसिया एवं वीरेंद्र शर्मा सहित क्षेत्र की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
अभियान के माध्यम से नगर क्षेत्र के पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।




