छठी मईया की भक्ति में जुटा पूरा परिवार, डेढ़ किमी सड़क संवारकर पेश की मिसाल
रिपोर्ट:-पीके पंचाल,कुशीनगर
Chath: लोक आस्था के महापर्व छठ में जब श्रद्धा सेवा का रूप ले लेती है तो समाज के लिए मिसाल कायम होती है। ऐसा ही नजारा स्थानीय विकासखंड के चंदन बरवा गांव में देखने को मिला।
यहां एक परिवार ने छठी मईया के प्रति श्रद्धा और समर्पण दिखाते हुए छठघाट तक पहुंचने वाले डेढ़ किलोमीटर लंबे कच्चे रास्ते को अपने खर्च और मेहनत से दुरुस्त कराया। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों ने खुद कुदाल और टोकरी उठाकर घाट, वेदियों और नदी तट की साफ-सफाई भी की
परिवार ने उठाई रास्ता दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी
गांव निवासी भरत उर्फ राजू विश्वकर्मा के नेतृत्व में भुनेश, अनमोल, लंकेश, आयुष्मान सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने इस पुनीत कार्य की जिम्मेदारी उठाई। जेसीबी की मदद से छठघाट तक जाने वाले करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे कच्चे रास्ते पर मिट्टी भराई कराई गई, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम हो सके। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य श्रमदान में जुट गए।
दो दिन तक चला सफाई और श्रमदान अभियान
परिवार के सदस्यों ने छठ वेदियों के आसपास उगी झाड़ियों और जंगल की सफाई की। गंडक नदी तट को भी स्वच्छ बनाया। इस पूरे अभियान में परिवार को लगातार दो दिनों तक मेहनत करनी पड़ी। परिवार के सदस्यों ने बिना किसी सरकारी इंतजार के अपने संसाधनों और श्रम से छठघाट को पर्व के लिए तैयार करने का प्रयास किया।
पिछले वर्ष की परेशानी से मिली प्रेरणा
भरत विश्वकर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष छठ महापर्व के दौरान घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की हालत बेहद खराब थी। चारों तरफ जंगल और झाड़ियां होने के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसी अनुभव से सीख लेते हुए इस बार उन्होंने परिवार के साथ मिलकर खुद व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया।
आस्था के साथ दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश
भरत विश्वकर्मा का कहना है कि छठ महापर्व केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छता, समर्पण और सामूहिक सहयोग का भी संदेश देता है। छठी मईया के प्रति आस्था ने उन्हें इस कार्य के लिए प्रेरित किया। परिवार के इस प्रयास की ग्रामीण सराहना कर रहे हैं।
एक परिवार ने जिस तरह अपनी श्रद्धा को जनसेवा से जोड़कर घाट और रास्ते को संवारा, वह पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।


