HomeUttar Pradeshबारात आने से पहले सड़क बनवा दीजिए मुख्यमंत्री जी, हाथ जोड़कर दुल्हन...

बारात आने से पहले सड़क बनवा दीजिए मुख्यमंत्री जी, हाथ जोड़कर दुल्हन ने लगाई गुहार

बारात आने से पहले सड़क बनवा दीजिए मुख्यमंत्री जी, हाथ जोड़कर दुल्हन ने लगाई गुहार

रिपोर्ट:- उमाकांत बाथम/मैनपुरी

करहल (मैनपुरी) shadi: घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। रिश्तेदारों के आने का सिलसिला शुरू होने वाला है। 19 नवंबर को बैंड-बाजे के साथ बारात दरवाजे पर पहुंचनी है, लेकिन घर के सामने की बदहाल सड़क दुल्हन की खुशियों पर भारी पड़ रही है। सड़क पर भरा कीचड़ और गंदा पानी देखकर दुल्हन के सामने एक ही सवाल है कि आखिर उसके दरवाजे पर बारात कैसे पहुंचेगी? परेशान बेटी ने अब हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सड़क दुरुस्त कराने की गुहार लगाई है।

बारात के रास्ते में कीचड़ बना मुसीबत

मामला करहल तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत साहबरामपुर के मजरा नगला रामजीत का है। गांव निवासी प्रिया यादव के घर के सामने सड़क की हालत काफी खराब है। रास्ते पर कीचड़ और गंदा पानी भरा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी रास्ते से प्रिया की बारात भी आनी है। शादी की तारीख नजदीक आने के साथ ही परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि यदि समय रहते सड़क ठीक नहीं हुई तो बारातियों को गंदगी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ेगा।

पिता का साया उठने के बाद बढ़ी बेटी की चिंता

प्रिया यादव के सिर से वर्षों पहले ही पिता मिलन सिंह का साया उठ चुका है। ऐसे में वह अपनी शादी को लेकर पहले से ही कई जिम्मेदारियों के बीच है। अब घर के सामने सड़क की दुर्दशा ने उसकी चिंता और बढ़ा दी है। प्रिया का कहना है कि 19 नवंबर को उसकी शादी है। बैंड-बाजे के साथ बारात घर पहुंचेगी, लेकिन सड़क पर गंदगी और कीचड़ होने से बारातियों को काफी परेशानी होगी। शादी जैसे खुशी के मौके पर घर के सामने की यह बदहाली परिवार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है।

मुख्यमंत्री से लेकर अधिकारियों तक लगाई गुहार

दुल्हन प्रिया यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी तेजस कृष्ण सहित संबंधित अधिकारियों से हाथ जोड़कर अपील की है कि बारात आने से पहले उसके घर के सामने की सड़क को दुरुस्त करा दिया जाए, ताकि शादी का कार्यक्रम सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।

एक तरफ सरकार स्वच्छता अभियान और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर गांव की यह तस्वीर स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना है कि जिम्मेदार अधिकारी दुल्हन की पुकार सुनकर शादी से पहले सड़क की समस्या का समाधान करा पाते हैं या नहीं।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -