HomeUttar Pradeshप्रसव के ढाई घंटे बाद प्रसूता की मौत, मेडिकल कॉलेज में हंगामा

प्रसव के ढाई घंटे बाद प्रसूता की मौत, मेडिकल कॉलेज में हंगामा

प्रसव के ढाई घंटे बाद प्रसूता की मौत, मेडिकल कॉलेज में हंगामा

रिपोर्ट:-कमलेश यादव

पडरौना, कुशीनगर haspitl: मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग में प्रसव के करीब ढाई घंटे बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। शव लेकर एमसीएच विंग पहुंचने पर देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

परिजनों ने संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और सीएमएस के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार पडरौना कोतवाली क्षेत्र के जंगल चौरिया गांव निवासी रुस्तम की 25 वर्षीय पत्नी नाजरीन को बुधवार सुबह करीब 10 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग लेकर पहुंचे।

यहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। दोपहर करीब दो बजे नाजरीन ने सामान्य प्रसव से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक, प्रसव के बाद उसे पानी और दाल का पानी पिलाया गया तथा खाना भी खिलाया गया था।

आरोप है कि प्रसव के करीब ढाई घंटे बाद अचानक नाजरीन के सीने में तेज दर्द शुरू हो गया। हालत बिगड़ने पर स्टाफ नर्स ने डॉक्टर को फोन किया।

कुछ देर बाद डॉ. प्रभात कुमार एमसीएच विंग पहुंचे। महिला की गंभीर स्थिति देखते हुए तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उसे गोरखपुर ले जाने के बजाय पडरौना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।

परिजनों का आरोप

परिजनों का आरोप है कि प्रसव के समय एमसीएच विंग में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। स्टाफ नर्स लगातार फोन करती रही, लेकिन समय से चिकित्सक नहीं पहुंचे। उनका कहना था कि यदि समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सकीय सहायता मिल जाती तो महिला की जान बच सकती थी।

हंगामे की सूचना पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी गौड़ और सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

प्राचार्य ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -