लेबर चौकों पर श्रमिकों की जुटी भीड़, विभाग ने गिनाईं कल्याणकारी योजनाएं
Workers:कुशीनगर जनपद में श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से श्रम विभाग की ओर से सोमवार को जनपद के कसया, पडरौना और हाटा स्थित लेबर चौकों पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कार्य की तलाश में पहुंचे निर्माण श्रमिकों को विभाग में पंजीयन कराने और पूर्व में पंजीकृत श्रमिकों को समय से नवीनीकरण कराने के लिए जागरूक किया गया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया
श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इन योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इन योजनाओं की दी गई जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान श्रमिकों को मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, आयुष्मान कार्ड, कन्या विवाह सहायता योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना और संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि पंजीकृत और पात्र निर्माण श्रमिकों को संतान के जन्म, बच्चों की शिक्षा, पुत्री के विवाह तथा श्रमिक की मृत्यु जैसी विभिन्न परिस्थितियों में बोर्ड की योजनाओं के तहत सहायता और अनुदान का लाभ मिल सकता है।
ऑनलाइन करा सकते हैं पंजीयन और नवीनीकरण
श्रमिकों को बताया गया कि निर्माण श्रमिक अपना पंजीयन नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से करा सकते हैं। इसके अलावा www.upbocw.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन और निर्धारित समय पर वार्षिक नवीनीकरण भी किया जा सकता है।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी।
बताया गया कि डिजिटल लेबर चौक का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा श्रमिकों और नियोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
अभियान के दौरान श्रम विभाग के कर्मचारी शशि शेखर मिश्र, संदीप मल्ल और राजेश कुमार गौड़ समेत गोविन्द, उमेश, सुनील, रमेश, रामप्यारे, भरत सहित दर्जनों श्रमिक मौजूद रहे।

