सरदार पटेल की जयंती पर पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
कुशीनगर से पीके पंचाल की रिपोर्ट..
Vallabhbhai Patel: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प
शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने भारत की संप्रभुता के प्रति निष्ठा रखने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने तथा जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

