श्री राम जानकी मंदिर छठ घाट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
रिपोर्ट : अरबिन्द कुमार मद्धेशिया
मथौली बाजार (कुशीनगर)।हाटा तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत मथौली बाजार स्थित श्री राम जानकी मंदिर पोखरे के छठ घाट पर रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य का पर्व धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छठ व्रती महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा छठ घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से भक्तिमय हो उठा।
संध्या अर्घ्य के निर्धारित समय पर व्रती महिलाओं ने पोखरे के जल में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को दूध और जल अर्पित किया। बांस से बने सूप और दउरा में नारियल, फल, ठेकुआ, गन्ना सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद सजाकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भी व्रती महिलाओं का सहयोग किया।
आकर्षक सजावट और रोशनी से जगमगाया छठ घाट
छठ महापर्व के अवसर पर युवा सेवा समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठी मैया की प्रतिमा स्थापित की गई थी। श्री राम जानकी काली माता मंदिर के समीप स्थापित प्रतिमा के आसपास आकर्षक सजावट की गई थी। वहीं, घाट के चारों तरफ रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और जगमगाती लाइटों से भव्य रोशनी की व्यवस्था की गई थी। रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और छठ घाट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पर्व के अवसर पर मेले का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाआरती में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
संध्या अर्घ्य के बाद पोखरे पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और छठी मैया की आराधना की। दीपों की रोशनी और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत मथौली बाजार के अध्यक्ष नवरंग सिंह, सभासद प्रिंस कुमार मद्धेशिया तथा अधिशासी अधिकारी अंजय सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने छठ घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
व्यवस्था संभालने में जुटे रहे समिति के कार्यकर्ता
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए युवा सेवा समिति के कार्यकर्ता सक्रिय रहे। समिति के सदस्यों ने घाट पर सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ विधि-विधान और श्रद्धा के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान मथौली बाजार में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।





