सीओ कार्यालय से महज 500 मीटर दूर मकान में लाखों की चोरी,पुलिस गश्त पर उठे सवाल
कुशीनगर जनपद के खड्डा क्षेत्राधिकारी खड्डा कार्यालय से महज पांच सौ मीटर और थाना खड्डा से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर चोरों ने बेखौफ होकर एक मकान को निशाना बना लिया। चोर ताला तोड़कर घर के अंदर रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी और लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात समेटकर फरार हो गए। घनी आबादी के बीच हुई इस वारदात से लोगों में दहशत और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर घटना के शीघ्र पर्दाफाश और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सोहरौना गांव में सीओ कार्यालय के पांच सौ मिटर दुरी सौहरौना हनुमानगंज मंदिर पवन जायसवाल का मकान स्थित है। इन दिनों उनका खड्डा सिसवा मार्ग पर मकान में लिंटर का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात चोरों ने मकान को निशाना बनाया।
चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखे बेड, बाक्स तथा अलमारी को खंगाल डाला। सामानों को अस्त-व्यस्त करने के बाद चोर एक लाख रुपये नकद तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत के आभूषण लेकर फरार हो गए।
सुबह जब गृहस्वामी को घटना की जानकारी हुई तो घर में सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ कार्यालय के महज पांच सौ मीटर दुरी पर चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
सबसे गंभीर बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी की घटना हुई, वह क्षेत्राधिकारी खड्डा कार्यालय से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर है। वहीं, खड्डा थाना भी करीब एक किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। ऐसे स्थान पर चोरों द्वारा बेखौफ होकर मकान का ताला तोड़ना पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस नियमित और प्रभावी रात्रि गश्त करती तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।घनी आबादी के बीच हुई इस वारदात के बाद ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी है। लोगों का कहना है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल घटना के बाद जांच करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अपराध रोकने के लिए रात में नियमित गश्त और संदिग्ध लोगों पर निगरानी जरूरी है। सीओ कार्यालय के आसपास ही यदि चोर आसानी से वारदात कर निकल जाते हैं तो आम आबादी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
रात्रि गश्त पर उठे सवाल, पुलिस से जवाब मांग रहे लोग
स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन रहा है। लोगों का आरोप है कि रात के समय पुलिस की गश्त प्रभावी तरीके से नहीं होती। यही कारण है कि चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की जांच करने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी पर्दाफाश कराने की मांग की है।फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश की जा रही है। घटना का जल्द पर्दाफाश नहीं हुआ तो लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी और बढ़ सकती है।
SO बोले की होगी कार्रवाई
खड्डा थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि म मामला संज्ञान मे है।पुलिस घटना की खुलासा के लिए लगी हुई है।हर एक विंदुओं की जांच की जा रही है।

