HomeUttar Pradeshनौरंगिया के अखाड़े में गूंजा पहलवानों का दम, 35 जोड़ियों के दांव-पेंच...

नौरंगिया के अखाड़े में गूंजा पहलवानों का दम, 35 जोड़ियों के दांव-पेंच देख झूम उठे दर्शक

नौरंगिया के अखाड़े में गूंजा पहलवानों का दम, 35 जोड़ियों के दांव-पेंच देख झूम उठे दर्शक

रिपोर्ट:-तारकेश्वर दूबे/खड्डा तहसील प्रभारी

Lakshmi Puja लक्ष्मी पूजन के अवसर पर ग्राम सभा नौरंगिया के आरटीआई चौराहे पर गुरुवार को पारंपरिक दंगल का भव्य आयोजन किया गया। अखाड़े में जब पहलवानों ने एक-दूसरे को ललकारते हुए दांव-पेंच आजमाने शुरू किए तो पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जनपदों से पहुंचे 35 जोड़ी पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी उमड़े। देर तक चले मुकाबलों में दर्शक पहलवानों का उत्साह बढ़ाते रहे।

सांसद-विधायक ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया शुभारंभ

दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद विजय दूबे, विशिष्ट अतिथि खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय और पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने अखाड़े में उतरे पहलवानों का हाथ मिलाकर मुकाबलों की शुरुआत कराई। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान संतोष त्रिपाठी ने कमेटी के सदस्यों डिंपल, अनुपम गौड़, गोलू और संदीप के साथ अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान अखाड़े में पारंपरिक कुश्ती को लेकर युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कुश्ती हमारी सांस्कृतिक विरासत : सांसद

सांसद विजय दूबे ने कहा कि कुश्ती हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह केवल शारीरिक ताकत का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना भी सिखाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन मिले। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और नई पीढ़ी पारंपरिक खेलों से जुड़ती है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों को जीवित रखने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होने चाहिए।

बराबरी के मुकाबलों ने बढ़ाया रोमांच

दंगल में कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए अलग-अलग दांव-पेंच आजमाए। वैशाली खजनी और तुफानी देवतहां के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसी तरह चंद्रेश हरियाणा और मनीष खजनी के बीच भी जोरदार टक्कर देखने को मिली, लेकिन दोनों पहलवानों में कोई निर्णायक बढ़त नहीं बना सका। मुलायम बनारस और दशरथ प्रतापपुर बिहार तथा अमरनाथ बनारस और ओमप्रकाश गाजीपुर के बीच हुए मुकाबले भी बराबरी पर समाप्त हुए। इन मुकाबलों के दौरान दर्शकों की निगाहें लगातार अखाड़े पर टिकी रहीं। पहलवानों के हर दांव पर मैदान तालियों और उत्साहवर्धन से गूंजता रहा।

अमन और त्रिलोकी ने दर्ज की जीत

दंगल के अन्य मुकाबलों में लालबाबू मदरहवा बिहार और अमन खजनी के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। इसमें अमन खजनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं ओमप्रकाश गाजीपुर और त्रिलोकी बगहां के बीच हुए मुकाबले में त्रिलोकी ने अपने दांव-पेंच से प्रतिद्वंद्वी को पछाड़कर जीत दर्ज की। इन मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने विजेता पहलवानों का तालियों से स्वागत किया। आयोजन में उत्तर प्रदेश और बिहार के पहलवानों की भागीदारी ने दंगल को खास बना दिया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांवों में खेल और आपसी भाईचारे की परंपरा मजबूत होती है।

रेफरी की भूमिका में रहे बलवंत आर्मी और शंखी यादव

दंगल के दौरान मुकाबलों को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बलवंत आर्मी और शंखी यादव ने रेफरी की भूमिका निभाई। मंच संचालन रूदल जायसवाल ने किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरी व्यवस्था संभाली। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। लक्ष्मी पूजन के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक दंगल ने एक बार फिर ग्रामीण खेल संस्कृति और कुश्ती के प्रति लोगों के लगाव को प्रदर्शित किया।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -